मंगलौर पुलिस ने ₹80 लाख से अधिक की साइबर ठगी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी
हरिद्वार। 30 अक्टूबर 2026-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ₹80 लाख से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के माध्यम से विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल बैंक खाते का विवरण सामने आया था। जांच में पता चला कि बैंक खाता संख्या 57410110000747 के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं। इसके बाद मंगलौर कोतवाली में मुकदमा संख्या 391/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान बैंक खाताधारक की पहचान आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें सामने आईं। इन खातों में ₹80 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की रकम का लेनदेन प्रकाश में आया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों को फोन और अन्य माध्यमों से लॉटरी लगने तथा इनाम मिलने का झांसा देकर ठगी करता था। ठगी से प्राप्त रकम को ATM के माध्यम से निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह ATM कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।