भाजपा युवा और महिला विरोधी, अंकिता के परिजनों के साथ खड़ी है कांग्रेस: हरक सिंह रावत
खानपुर में निकली कांग्रेस की न्याय यात्रा, उदय सिंह पुंडीर के कार्यालय का उद्घाटन; नेताओं की गैरमौजूदगी पर गुटबाज़ी के सवाल
रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी
रुड़की। 24 अक्टूबर 2026-पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भाजपा पर युवाओं और महिलाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के परिजनों को इंसाफ़ दिलाने की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अंकिता प्रकरण में उठ रहे सवालों और सीबीआई जांच के आदेश के बाद सिक्किम के राज्यपाल बनाए जाने के मुद्दे पर अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए इसकी निंदा की।
शनिवार को खानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की न्याय यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान नगला इमरती स्थित इंटक जिलाध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर के कार्यालय पर हरक सिंह रावत का स्वागत किया गया। उन्होंने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकारी विभागों के निजीकरण से नौकरियों के अवसर कम होने की चिंता भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के परिजनों को इंसाफ़ दिलाने के लिए आवाज़ उठाती रहेगी।
इंटक जिलाध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर ने कहा कि खानपुर समेत पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस को युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों का समर्थन मिल रहा है। पूर्व प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने न्याय यात्रा को पार्टी का अहम अभियान बताया।
इस दौरान पत्रकारों ने जिलाध्यक्ष फुरकान और प्रदेश सचिव व यात्रा प्रभारी प्रणय प्रताप सिंह की गैरमौजूदगी तथा खानपुर प्रभारी संजय शर्मा को रूट की जानकारी न होने पर गुटबाज़ी को लेकर सवाल किया। हरक सिंह रावत ने जाम का हवाला देकर जवाब टाल दिया। बाद में यात्रा झबरेड़ा पहुंची, जहां विधायक वीरेंद्र जाति के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया।