रूड़की मेन बाजार की सड़क खोदने से दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर संकट, दोपहिया वाहन चालक भी परेशान।
नवरात्रों में सड़क की खुदाई से दुकानों में भर रही धूल-मिट्टी, कारोबारियों ने भाजपा विधायक पर उठाए सवाल।
रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी
रूड़की। 19 अक्टूबर 2026 रूड़की सिविल लाइन मेन बाजार में सड़क निर्माण के लिए अच्छी-ख़ासी सड़क की ऊपरी परत खोदे जाने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क की मौजूदा हालत के चलते दोपहिया वाहन फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे हादसों का ख़तरा बना हुआ है। वहीं, सड़क से उड़ती धूल-मिट्टी दुकानदारों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दशहरे से पहले नवरात्रों का वक़्त कारोबार के लिहाज़ से बेहद अहम होता है। इन दिनों बाज़ार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ती है और दुकानदारों को अच्छी कमाई की उम्मीद रहती है। मगर सड़क की खुदाई ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। दुकानों में धूल-मिट्टी भर रही है और गंदगी के चलते ग्राहक भी दुकानों में आने से कतरा रहे हैं।
कारोबारियों ने स्थानीय भाजपा विधायक पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सड़क बनाना ज़रूरी था, तो इसका काम नवरात्रों से एक-दो महीने पहले या त्योहारों के बाद भी शुरू किया जा सकता था। दुकानदारों का कहना है कि त्योहारों के अहम मौक़े पर सड़क खोदने से उनका कारोबार चौपट हो रहा है।
अब दुकानदारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनके नुक़सान की भरपाई कौन करेगा और उनकी परेशानी सुनने वाला आख़िर कौन है?