महंगाई से लेकर अंकिता हत्याकांड तक, धामी सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला।


लोक भवन कूच को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज़, हरिद्वार में बनी रणनीति ,
महंगाई से लेकर अंकिता हत्याकांड तक, धामी सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला।

रिपोर्ट-मौ. गुलबहार गौरी
हरिद्वार।3 फ़रवरी 26
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 16 फरवरी को प्रस्तावित लोक भवन कूच के एलान के बाद सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी सिलसिले में मध्य हरिद्वार स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक अहम और रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मक़सद 16 फरवरी को होने वाले लोक भवन घेराव को ऐतिहासिक और कामयाब बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में मौजूद नेताओं ने एक सुर में धामी सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर तीखा हमला बोला।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस पार्टी का लोक भवन घेराव उत्तराखंड की सियासत में एक नया मोड़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोटद्वार की हालिया घटना से यह साफ़ हो गया है कि धामी सरकार प्रदेश को नफरत और नफ़रत की राजनीति की आग में झोंकने का काम कर रही है।

वरिष्ठ नेताओं ने 2022 में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में भी धामी सरकार एक बार फिर अंकिता, उनके माता-पिता और उत्तराखंड की जनता के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. अनिल जोशी की तहरीर पर सीबीआई जांच की संस्तुति कर सरकार ने यह साफ़ कर दिया है कि वह इस जघन्य हत्याकांड में शामिल भाजपा नेताओं को बचाने की कोशिश में लगी हुई है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवीश भटीजा और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती आई है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस बेखौफ अंदाज़ में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश की अवाम की आवाज़ बनकर लड़ाई लड़ रहे हैं, उसी जज़्बे और हौसले के साथ प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता भी जनता की लड़ाई लड़ेंगे।

यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना और विधानसभा अध्यक्ष गौरव चौहान ने आरोप लगाया कि धामी सरकार के संरक्षण में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार दिन-ब-दिन फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस की बातें अब महज़ खोखले नारे बनकर रह गई हैं।

वहीं यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष विशाल प्रधान और प्रदेश सचिव सागर बेनीवाल ने कहा कि राज्य की जनता भाजपा सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए सांप्रदायिकता का सहारा लेकर देवभूमि उत्तराखंड को बदनाम करने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को सबक सिखाने का वक्त आ गया है और 16 फरवरी को होने वाला लोक भवन घेराव सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा।

बैठक में समर्थ अग्रवाल, आशु भारद्वाज, अनिल ठाकुर, उदित विद्याकुल, आशु श्रीवास्तव, निखिल सौदाई, मनोज जाटव, समर्थ ठाकुर, शुभम राजपूत, शिवम बाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर लोक भवन कूच को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
Right Menu Icon