उत्तराखंड के “चाचा नेहरु” बनने की राह पर विधायक उमेश कुमार


उत्तराखंड के चाचा नेहरु बनने की राह पर विधायक उमेश कुमार ।
क्या उत्तराखंड को मिल रहा है नया “चाचा नेहरू” , सियासत में नई मिसाल ।

रिपोर्ट-मौ. गुलबहार गौरी
1 मई 2026 -उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों उमेश कुमार का नाम तेज़ी से उभरता हुआ नज़र आ रहा है। खानपुर से विधायक उमेश कुमार अपनी सादा मिज़ाजी, अवामी जुड़ाव और बेबाक अंदाज़ की वजह से लोगों के दरमियान एक ख़ास पहचान बना चुके हैं। अवाम के बीच बैठकर उनकी मुश्किलात सुनना और फ़ौरन हल की कोशिश करना, उनकी सियासी पहचान बनती जा रही है। यही वजह है कि उन्हें मुल्क के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मशहूर लक़ब “चाचा नेहरू” से तश्बीह दी जा रही है।

उमेश कुमार के कामों की फेहरिस्त भी काफ़ी दिलचस्प और अवामी मसाइल से जुड़ी हुई है। उन्होंने टॉपर बच्चों को हवाई जहाज़ से मुंबई तक सफ़र कराने जैसा क़दम उठाकर बच्चों व नौजवानों की हौसला-अफ़ज़ाई की है। इसके अलावा 853 से ज्यादा ग़रीब और ज़रूरतमंद लड़कियों की शादियां कराना भी उनकी समाजी खिदमात में शामिल है, जिसे अवाम बड़ी क़द्र की निगाह से देख रही है। उनके इन क़दमों से ना सिर्फ़ उनके अपने समर्थक बल्कि मुख़ालिफ़ पार्टियों के कार्यकर्ता और उनके बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं।

हाल ही में एक दिलचस्प वाक़िया भी सामने आया, जब एक UKG के छोटे से बच्चे ने उमेश कुमार को फ़ोन कर के कहा कि “मैं आपका बहुत बड़ा फ़ैन हूं और आपसे मिलना चाहता हूं।” ये वाक़िया महज़ एक इत्तेफ़ाक़ नहीं, बल्कि इस बात की निशानी है कि उनकी मक़बूलियत किस हद तक बढ़ चुकी है। छोटे बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक, हर तबक़े में उनकी पहचान बनती जा रही है, जो किसी भी सियासी शख्सियत के लिए बड़ी कामयाबी मानी जाती है।

अगर उनके सियासी अंदाज़ की बात की जाए, तो वो रिवायती नेताओं से कुछ हटकर नज़र आते हैं। बड़े-बड़े वादों और सियासी बयानबाज़ी के बजाय वो ज़मीनी हक़ीक़त पर काम करने को तरजीह देते हैं। अपने हलक़े में तालीम, सेहत और बुनियादी सहूलतों को बेहतर बनाने के लिए उनकी कोशिशें लगातार जारी हैं। यही वजह है कि नौजवानों के साथ-साथ बुज़ुर्ग तबक़ा भी उन्हें क़रीब से पसंद कर रहा है और उनके कामों को सराह रहा है।

सियासी माहिरीन का मानना है कि अगर उमेश कुमार इसी रफ़्तार और अंदाज़ के साथ आगे बढ़ते रहे, तो वो आने वाले वक़्त में उत्तराखंड की सियासत में एक मज़बूत और असरदार किरदार बन सकते हैं। उनकी सादगी, मिलनसार तबीयत और अवाम के बीच मौजूदगी उन्हें बाक़ी नेताओं से अलग पहचान देती है। यही वो ख़ूबियां हैं, जो किसी भी लीडर को “अवामी रहनुमा” बनाती हैं।

हालांकि मुख़ालिफ़ीन उनकी बढ़ती मक़बूलियत को सियासी रणनीति का हिस्सा करार देते हैं और इसे महज़ एक इमेज बिल्डिंग बताते हैं, लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त कुछ और ही बयां करती है। अवाम के दरमियान उनकी मौजूदगी, उनके काम और उनका अंदाज़ खुद-ब-खुद उनकी साख को मज़बूत कर रहा है।

अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या उमेश कुमार वाक़ई “उत्तराखंड के चाचा नेहरू” बन पाते हैं या ये तश्बीह सिर्फ़ एक सियासी अलंकार बनकर रह जाती है। फिलहाल, जो तस्वीर उभर कर सामने आ रही है, वो यही इशारा करती है कि उमेश कुमार अवाम के दिलों में अपनी जगह बनाने में कामयाब होते जा रहे हैं और उनकी ये सियासी सफ़र नई बुलंदियों की तरफ़ बढ़ता दिख रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
Right Menu Icon