रूड़की गंगनहर पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ 21 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार।
रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी
रुड़की। 9 अक्टूबर 2026–हरिद्वार जिले में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना क्षेत्र में नियमित चेकिंग और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के निर्देशन में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहीन खान पुत्र आजाद खान, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया, थाना फैजगंज, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इस मामले में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा संख्या 390/26, धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन कुमार और कांस्टेबल रणवीर सिंह शामिल रहे।