रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध तमंचा-पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार।
रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी
रुड़की। 7 अक्टूबर 2026-अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 6/7 अक्टूबर की रात नहर पटरी, टैंक चौक से पीरबाबा कॉलोनी की ओर एचआरडीए कार्यालय के पास चेकिंग के दौरान अक्षित शर्मा (19) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 32 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक भी कब्जे में ली।
पूछताछ में अक्षित ने पुलिस को बताया कि उसने तमंचा मकतूलपुरी निवासी राजेश से खरीदा था तथा उसके साथी रोहित सैनी ने भी उसी व्यक्ति से पिस्टल खरीदी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तलाश कर रोहित सैनी (24) को पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25(1-ख)(क) शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों से कुल दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।