ब्रेकिंग

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा पर्ची व ₹1,250 की नगदी के साथ सटोरिया गिरफ्तार


मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा पर्ची व ₹1,250 की नगदी के साथ सटोरिया गिरफ्तार।

रिपोर्ट- मौ.गुलबहार गौरी 

रुड़की।6 अक्टूबर 2026 -कोतवाली मंगलौर पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में सट्टा-जुआ कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में काफी समय से सट्टा और जुआ कराए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। पूर्व में भी पुलिस द्वारा इस संबंध में कार्रवाई की जा चुकी है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर ने 6 अक्टूबर को संबंधित चौकी प्रभारी एवं चेतक कर्मचारियों को सट्टा-जुआ कराने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के क्रम में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुस्तफा पुत्र सलमान हैदर, निवासी मोहल्ला किला, लंढौरा, मंगलौर, हरिद्वार को सट्टा पर्चियों और नगदी के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,250 रुपये नगद और सट्टा पर्चा आदि बरामद किए। मामले में कोतवाली मंगलौर में धारा 13 जी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेडकांस्टेबल शूरबीर, कांस्टेबल दिनेश शर्मा और पीआरडी जवान मुकेश शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सट्टा-जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
Right Menu Icon