होटलों में अवैध हुक्का बार चलाने वालों पर कार्रवाई, 3 आरोपियों का चालान।
रिपोर्ट-मौ. गुलबहार गौरी
रुड़की (जनपद हरिद्वार): 7 अक्टूबर 2026-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद में आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक मणिभूषन श्रीवास्तव गंगनहर के निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग व शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान अवैध रूप से चल रहे हुक्का बारों पर त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने रामपुर चुंगी स्थित रॉयल कैफे और एफएम कैफे पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान कैफे में अवैध रूप से हुक्का (धूम्रपान) कराया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 10 हुक्के ज़ब्त करते हुए 03 अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान फहीम (22 वर्ष) निवासी सत्ती मोहल्ला रुड़की, अनस (22 वर्ष) निवासी बुक्कनपुर मंगलौर, और मोबिन (23 वर्ष) निवासी पिरान कलियर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया है। छापेमारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल संजय, रणवीर और राकेश राणा शामिल रहे।