महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार


ऑपरेशन प्रहार का असर: महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी मंगलौर पुलिस के शिकंजे में

रिपोर्ट-मौ.गुलबहार गौरी 

मंगलौर (हरिद्वार): कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हत्या के प्रयास के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम नाथूखेड़ी की रहने वाली एक महिला पर पैसों के लेनदेन को लेकर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद पीड़िता की बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी गई।

मालूम हुआ है कि वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन मंगलौर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुमार पुत्र कृष्णपाल निवासी जाटोला, देवबंद (सहारनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक गमछा भी बरामद किया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को कानूनी कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
Right Menu Icon